रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने कई मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में बढ़ोतरी, धान खरीदी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में धरना स्थल पर जुटे।
विधानसभा घेराव से पहले कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री और कई विधायक धरना स्थल पहुंचे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संबोधन के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर कूच करने की तैयारी की।
भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में गैस सिलेंडर की किल्लत हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “नरेंद्र भी गायब हैं और सिलेंडर भी गायब हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां देश के लिए हानिकारक साबित हो रही हैं। आज गैस सिलेंडर की समस्या है, कल पेट्रोल-डीजल की किल्लत होगी और आगे चलकर यूरिया खाद की भी समस्या खड़ी हो सकती है।
बघेल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा के भीतर भी सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि बस्तर के वरिष्ठ नेता कवासी लखमा भी सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठा रहे हैं।
कानून व्यवस्था और छात्रावासों का मुद्दा उठाया
भूपेश बघेल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासी छात्रावासों में नाबालिग बच्चियों के गर्भवती होने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामले में गर्भवती बच्ची को दवाई दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
“प्रदेश के युवाओं को नशे में धकेला जा रहा”
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को नशे में डुबोने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन जगह अफीम की खेती पकड़ी गई है और अगर समय रहते रोकथाम नहीं हुई तो यह समस्या आगे और गंभीर हो सकती है।
दीपक बैज ने गिनाए प्रदर्शन के मुद्दे
वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत यह प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के प्रमुख मुद्दों में बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों से वादाखिलाफी, धान खरीदी में अनियमितता, गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतें, बिगड़ी कानून व्यवस्था और प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक इन मुद्दों पर सरकार ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।
💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥
👉 खबरें और भी है -
🔍 पथरिया की जर्जर सड़क पर सियासत: लोरमी में करोड़ों के विकास कार्य, मुंगेली मुख्यालय भी सवालों के घेरे में


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ