रायपुर। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को लेकर पेपर लीक होने का दावा सामने आया है। इस मामले में माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है और पूरे मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
बताया जा रहा है कि 14 मार्च को आयोजित 12वीं कक्षा की हिंदी विषय की परीक्षा से एक दिन पहले यानी 13 मार्च की रात एक व्हॉट्सऐप ग्रुप में हस्तलिखित प्रश्नों का पर्चा वायरल हुआ था। सोशल मीडिया पर वायरल इस पर्चे के सवाल और परीक्षा में पूछे गए बी-सेट प्रश्नपत्र के सवालों में समानता होने का दावा किया जा रहा है।
वायरल स्क्रीनशॉट के बाद मंडल ने लिया संज्ञान
माध्यमिक शिक्षा मंडल को 15 मार्च को मीडिया रिपोर्ट और छात्र संगठनों की शिकायतों के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली। शिकायत में कहा गया कि सोशल मीडिया पर जो हस्तलिखित प्रश्न वायरल हुए थे, उनमें से कई सवाल परीक्षा के प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल ने तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है, ताकि पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाई जा सके।
सचिव बोलीं – अनियमितता मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल पर्चा स्पष्ट और पूरी तरह पढ़ने योग्य नहीं है, इसलिए उसकी सत्यता की सीधी पुष्टि करना फिलहाल संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि जो वीडियो और अन्य सामग्री सामने आई है, वह परीक्षा समाप्त होने के बाद की है। ऐसे में पहली नजर में इसे प्रश्नपत्र लीक की घटना मानना संभव नहीं है।
हालांकि परीक्षा जैसे संवेदनशील विषय को देखते हुए मंडल ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और एहतियात के तौर पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस व साइबर सेल से जांच कराने का निर्णय लिया है।
पारदर्शिता बनाए रखने की बात
मंडल ने कहा कि परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥
👉 खबरें और भी है -
🔍 पथरिया की जर्जर सड़क पर सियासत: लोरमी में करोड़ों के विकास कार्य, मुंगेली मुख्यालय भी सवालों के घेरे में


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ