Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। उद्घाटन के छः महीने बाद भी उप-तहसील भवन चकरभठा में लटक रहे ताले वहीं भारी विरोध के बाद भी खुल गए नये शराब दुकान-लोगों में आक्रोश
BREAKING

उद्घाटन के छः महीने बाद भी उप-तहसील भवन चकरभठा में लटक रहे ताले वहीं भारी विरोध के बाद भी खुल गए नये शराब दुकान-लोगों में आक्रोश


उप-तहसील भवन की वर्तमान स्थिति

रिपोर्ट: चंद्रकांत मानिकपुरी

मुंगेली जिले के चकरभठा में किसानों की सुविधाओं के लिए बड़े उत्साह के साथ शुरू की गई उप-तहसील चकरभाठा आज खुद बदहाली की कहानी बन गई है। लगभग छह महीने पहले 24 सितंबर 2025 को क्षेत्र के पूर्व सांसद व विधायक पुन्नू लाल मोहले द्वारा इसका विधिवत उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के समय क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में काफी खुशी का माहौल था। लोगों को उम्मीद थी कि अब उन्हें राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए दूर-दराज भटकना नहीं पड़ेगा और उनके समय व पैसे दोनों की बचत होगी।

उद्घाटन के दौरान उपस्थित विधायक मोहले जी

लेकिन हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। उद्घाटन के महीनों बाद भी उप-तहसील कार्यालय में ताला लटका हुआ है। हालत यह है कि कार्यालय परिसर में दिन के समय मवेशी आराम करते दिखाई देते हैं, जबकि किसान अपने काम के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।

इधर एक और सवाल भी ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। शासन द्वारा बढ़ाई गई 67 नई शराब दुकानों की सूची में चकरभाठा भी शामिल था। ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों के कड़े विरोध के बावजूद 24 अक्टूबर 2025, दीपावली के दिन यहां शराब दुकान शुरू कर दी गई। जहां प्रशासन की तत्परता शराब दुकान खोलने में दिखी, वहीं उप-तहसील कार्यालय शुरू कराने की मांग अब तक अधूरी है।

उप-तहसील भवन की वर्तमान स्थिति

ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जहां उप-तहसील का उद्घाटन होने के महीनों बाद भी वहां कामकाज शुरू नहीं हो पाया है, वहीं दूसरी ओर लोगों के विरोध के बावजूद शराब दुकान को तत्काल प्रारंभ कर दिया गया। इतना ही नहीं, शराब दुकान के पास ही स्कूल का संचालन हो रहा है, जिससे वहां से आने-जाने वाले स्कूली बच्चों को भी कई बार असहज स्थिति और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

किसानों और ग्रामीणों की नाराजगी

स्थानीय किसान दामोदर साहू का कहना है कि

“हम लगातार मांग कर रहे हैं कि उप-तहसील कार्यालय जल्द शुरू किया जाए, लेकिन शासन-प्रशासन की उदासीनता ही दिखाई दे रही है। ग्रामीणों के विरोध के बावजूद शराब दुकान आसानी से खोल दी गई, पर किसानों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।”

वहीं पंकज जायसवाल उप-सरपंच ने बताया कि पंचायत की ओर से अधिकारियों से उप-तहसील जल्द संचालित करने का अनुरोध किया गया है और उम्मीद है कि जल्द ही राजस्व संबंधी कार्य यहां शुरू होंगे।

अब बड़ा सवाल यह है कि उद्घाटन के छह महीने बाद भी जब उप-तहसील का संचालन शुरू नहीं हुआ है, क्या ऐसे में चकरभाठा के किसानों की समस्या खत्म होगी? क्या शासन ग्रामीणों की मांग सुनकर उप-तहसील को जल्द चालू करेगा, या फिर किसानों को केवल आश्वासन ही मिलता रहेगा — इसका जवाब आने वाला समय ही देगा।






💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥

 


 👉 खबरें और भी है -

🔍 पथरिया की जर्जर सड़क पर सियासत: लोरमी में करोड़ों के विकास कार्य, मुंगेली मुख्यालय भी सवालों के घेरे में

https://koshalbhuminews.blogspot.com/2026/03/mungeli-vikas-vivad-lormi-pathariya-sadak-issue.html

🔍मुंगेली-बिलासपुर रोड की बदहाल हालत: कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं सुधरी तखतपुर-बरेला सड़क- विशेष रिपोर्ट 

https://koshalbhuminews.blogspot.com/2026/03/mungeli-bilaspur-road-condition-takhatpur-barela.html

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ