मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की भर्ती को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय आवेदक अनिल कश्यप सहित अन्य लोगों ने कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदकों ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया है कि नगर पंचायत जरहागांव में हाल ही में की गई भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा। भर्ती के दौरान न तो किसी प्रकार की सार्वजनिक सूचना जारी की गई और न ही कार्यालय स्तर पर कोई विधिवत विज्ञापन प्रकाशित किया गया। आरोप है कि लिपिक, इलेक्ट्रीशियन और ड्राइवर जैसे पदों पर मनमाने तरीके से नियुक्तियां की गई हैं।
शिकायतकर्ताओं का यह भी कहना है कि स्थानीय बेरोजगार युवाओं की अनदेखी करते हुए बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी गई, जिससे क्षेत्र के युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। इस मुद्दे को लेकर आवेदकों ने कलेक्टर से मांग की है कि भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा स्थानीय निवासियों को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए।
जनदर्शन में दर्ज शिकायत के अनुसार, आवेदन को आधिकारिक रूप से पंजीकृत करते हुए संबंधित विभाग को जांच के लिए अग्रेषित किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर अब इस पूरे मामले की जांच होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े होंगे। वहीं, अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


%202025.jpg%20(1).jpeg)












0 टिप्पणियाँ