ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव खजरावंड में संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत


गम्हरी। शिक्षा को बढ़ावा देने एवं बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन खजरावंड में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का शॉल एवं पुष्पगुच्छ से सम्मान किया गया।

शाला प्रवेश उत्सव का सबसे भावुक क्षण तब रहा, जब कक्षा पहली, छठवीं एवं नौवीं में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं मिष्ठान खिलाकर स्वागत किया गया। कक्षा पहली के बच्चों को स्कूल बैग भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर नवोदय विद्यालय में चयनित 16 विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सहायक सामग्री वितरित की गई। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नौवीं की छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, ताकि उनकी शिक्षा यात्रा अधिक सुगम हो सके।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में समां बांध दिया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहना की।

कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन का सफल संचालन बीआरपी प्रेमलाल यादव एवं सीएसी पुरुषोत्तम नायक ने किया।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है तथा प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में प्रवेश समाज और राष्ट्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।