छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2026 के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं, और इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया है।
12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 83.04 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि छात्राओं का पास प्रतिशत 86.04 रहा।
वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 78.86 प्रतिशत दर्ज किया गया।
यानी साफ है कि इस बार भी बेटियों ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
अगर 10वीं बोर्ड परीक्षा की बात करें, तो कुल 77.15 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं।
इनमें बालिकाओं का पास प्रतिशत 81.03 प्रतिशत रहा, जबकि बालकों का प्रतिशत 72.27 प्रतिशत दर्ज किया गया।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाईस्कूल सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा 2026 में कुल 3 लाख 21 हजार 677 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे।
इनमें से 3 लाख 16 हजार 730 छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
घोषित परिणामों के अनुसार 3 लाख 14 हजार 953 परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2 लाख 43 हजार 16 छात्र सफल हुए।
10वीं के परिणामों में प्रथम श्रेणी से पास होने वाले छात्रों की संख्या 1 लाख 40 हजार 108 रही, जो कुल परिणाम का 44.48 प्रतिशत है।
द्वितीय श्रेणी में 96 हजार 721 छात्र और तृतीय श्रेणी में 6 हजार 187 छात्र उत्तीर्ण हुए।
एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 19 हजार 347 रही।
वहीं 161 छात्रों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए, जिनमें नकल प्रकरण और जांच की श्रेणी के मामले शामिल हैं।
अगर 12वीं बोर्ड परीक्षा की बात करें, तो इस वर्ष कुल 2 लाख 46 हजार 166 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे।
इनमें से 2 लाख 44 हजार 453 छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
जिनमें 1 लाख 2 हजार 259 बालक और 1 लाख 42 हजार 194 बालिकाएं शामिल थीं।
घोषित परिणामों के अनुसार 2 लाख 43 हजार 898 छात्रों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2 लाख 2 हजार 549 छात्र सफल हुए।
यानी कुल 83.04 प्रतिशत छात्र 12वीं परीक्षा में उत्तीर्ण हुए।
12वीं में प्रथम श्रेणी से पास होने वाले छात्रों की संख्या 1 लाख 27 हजार 334 रही, जो कुल परिणाम का 52.2 प्रतिशत है।
द्वितीय श्रेणी में 72 हजार 402 छात्र और तृतीय श्रेणी में 2 हजार 806 छात्र सफल हुए।
एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण छात्रों की संख्या 23 हजार 866 रही।
जबकि 63 छात्रों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 10वीं के परिणामों में 0.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
इस बार के नतीजों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि छात्राएं लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
छत्तीसगढ़ बोर्ड के इस परिणाम ने हजारों परिवारों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।
कहीं जश्न का माहौल है, तो कहीं आगे की तैयारी को लेकर नई उम्मीदें जन्म ले रही हैं।
अब सफल छात्र-छात्राएं अपने भविष्य की नई दिशा तय करेंगे, और असफल विद्यार्थियों के लिए भी यह एक नई शुरुआत का अवसर है।
कुल मिलाकर CG Board Result 2026 ने यह साफ कर दिया है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता, और बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं।



%202025.jpg%20(1).jpeg)












0 टिप्पणियाँ