विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु आयोजित होगा विशाल “भविष्य निर्माण मार्गदर्शन एवं प्रेरणा कार्यक्रम”
राजपूत क्षत्रिय समाज तखतपुर–मुंगेली परिक्षेत्र द्वारा समाज के छात्र-छात्राओं को शिक्षा, करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में सही दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से एक भव्य “भविष्य निर्माण मार्गदर्शन एवं प्रेरणा कार्यक्रम” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रेरित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने एवं उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर सफलता की ओर अग्रसर करने हेतु विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने हेतु आज मुंगेली जिले के माननीय कलेक्टर श्री कुंदन कुमार, माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत CEO एवं जिला शिक्षा अधिकारी महोदय से समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम में सम्मिलित होने एवं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने हेतु सादर आमंत्रण प्रदान किया।
प्रतिनिधिमंडल द्वारा अतिथियों को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया गया तथा बताया गया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को समय पर सही मार्गदर्शन मिलना अत्यंत आवश्यक है। कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी उचित जानकारी एवं प्रेरणा के अभाव में अपने लक्ष्य से भटक जाते हैं। ऐसे में समाज द्वारा यह प्रयास विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा।
माननीय अतिथियों ने समाज द्वारा शिक्षा एवं युवा पीढ़ी के हित में किए जा रहे इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कार्यक्रम में अपनी सहमति प्रदान की एवं आयोजन की सफलता हेतु शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है तथा इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर राजपूत क्षत्रिय समाज तखतपुर–मुंगेली परिक्षेत्र के परिक्षेत्रीय अध्यक्ष श्री नर्मदा सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष श्री हुकम सिंह राजपूत, सचिव श्री चिमन सिंह राजपूत, श्री संतु सिंह राजपूत (पूर्व सरपंच) पंकज सिंह राजपूत केन्द्रीय मीडिया प्रभारी रवि सिंह ठाकुर सहित सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, मोटिवेशन, समय प्रबंधन एवं लक्ष्य निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा।राजपूत क्षत्रिय समाज सदैव शिक्षा, संस्कार, संगठन एवं समाज उत्थान के कार्यों के लिए समर्पित रहा है तथा आगे भी समाज के युवाओं एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु निरंतर प्रयास करता रहेगा।
“शिक्षित समाज ही सशक्त समाज की पहचान है। आज का मार्गदर्शन,कल का उज्ज्वल भविष्य।”





%202025.jpg%20(1).jpeg)












0 टिप्पणियाँ